शहीद स्मारक पर बेरोजगार मेडिकल लैब तकनीशियनों ने लिया प्रण, मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन होगा और उग्र

देहरादून। उत्तराखंड राज्य आंदोलन के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए मेडिकल लैब टेक्नोलॉजिस्ट संघ के बैनर तले बेरोजगार डिग्रीधारी मेडिकल लैब तकनीशियनों ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर, दीपदान एवं मोमबत्तियां जलाकर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। इस दौरान आंदोलनकारियों ने शहीदों के सपनों का उत्तराखंड बनाने तथा अपने अधिकारों की लड़ाई को निर्णायक अंजाम तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष आशीष चंद्र, प्रदेश महासचिव मयंक राणा एवं प्रदेश उपाध्यक्ष रणवीर बिष्ट ने कहा कि उत्तराखंड राज्य गठन के 26 वर्ष पूर्ण कर 27वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है, किंतु दुर्भाग्यपूर्ण है कि आज भी प्रदेश में उत्तर प्रदेश की पुरानी नियमावली ढोयी जा रही है। पृथक राज्य निर्माण की मूल अवधारणा पर्वतीय क्षेत्रों से पलायन रोकना, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करना तथा जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना था, लेकिन वर्तमान परिस्थितियां राज्य आंदोलनकारियों के सपनों के विपरीत दिखाई दे रही हैं।

ये भी पढ़ें:  मुख्यमंत्री ने राज्य स्थापना दिवस पर भराड़ीसैंण में कीं 13 महत्वपूर्ण घोषणाएं, विकसित उत्तराखण्ड के संकल्प को दोहराया

उन्होंने कहा कि बेरोजगार डिग्रीधारी मेडिकल लैब तकनीशियन लगभग छह माह से एकता विहार धरना स्थल पर अपनी न्यायोचित मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं, लेकिन सरकार लगातार उनकी मांगों की अनदेखी कर रही है। प्रदेश में मेडिकल लैब तकनीशियनों की सेवा नियमावली लागू करने, वर्षवार मेरिट के आधार पर भर्ती, IPHS मानकों के अनुरूप पद सृजित कर नियमित भर्ती करने, आयु सीमा में एकमुश्त छूट देने तथा सरकारी लैबों का निजीकरण बंद करने जैसी मांगों पर सरकार की उदासीनता युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय है।

ये भी पढ़ें:  मुख्यमंत्री ने राज्य स्थापना दिवस पर भराड़ीसैंण में कीं 13 महत्वपूर्ण घोषणाएं, विकसित उत्तराखण्ड के संकल्प को दोहराया

आंदोलनकारियों ने शहीद स्मारक पर प्रण लेते हुए कहा कि जिस उत्तराखंड के निर्माण के लिए हमारे पूर्वजों और आंदोलनकारियों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया, उसी उत्तराखंड में आज शिक्षित युवा रोजगार के लिए संघर्ष करने को मजबूर हैं। यदि सरकार शीघ्र उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लेती है तो आंदोलन को और अधिक उग्र एवं निर्णायक रूप दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपने अधिकारों की इस लड़ाई में यदि प्राणों का बलिदान भी देना पड़े, तो आंदोलनकारी पीछे नहीं हटेंगे।

ये भी पढ़ें:  मुख्यमंत्री ने राज्य स्थापना दिवस पर भराड़ीसैंण में कीं 13 महत्वपूर्ण घोषणाएं, विकसित उत्तराखण्ड के संकल्प को दोहराया

इस अवसर पर कोषाध्यक्ष देवेंद्र भट्ट, कुलभूषण गुसाईं, संजय जोशी, दीपक जोशी, रजत नौटियाल, सिद्धार्थ कुकरेती, अनूप रावत, दीपक जगवान, राजमोहन नेगी, प्रियंका पुरोहित, तरुणा उनियाल, मुसवीर अली, विकास अवस्थी, मुकेश सजवान, परमात्मा पैन्यूली सहित अनेक मेडिकल लैब तकनीशियन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *